पति को खाना देकर लौट रही वृद्ध महिला की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
प्रयागराज संवाददाता:
हंडिया थाना क्षेत्र के अंजना गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। वह अपने पति को खाना पहुंचाकर घर लौट रही थी, तभी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली हंडिया के रघुपुर गांव निवासी फतेह बहादुर अंजना गांव स्थित एक लकड़ी की टाल पर मजदूरी करते हैं। रोज की तरह मंगलवार को उनकी पत्नी आशा देवी (60) पति को दोपहर का खाना देने गई थीं। खाना देने के बाद वह पैदल ही घर लौट रही थीं। अंजना गांव में सड़क पार करते समय अचानक एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना सैदाबाद पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदाबाद पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने विधिक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के तीन पुत्र — हरिशंकर, शमशेर और राज यादव हैं। अचानक घटी इस दुखद घटना से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
स्थानीय लोगों ने जताया शोक
घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में मातम पसर गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से हादसे की जांच कर दोषी वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।