भाजपाइयों ने मनाई पंडित राम निरंजन उपाध्याय की पुण्यतिथि, नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

भाजपाइयों ने मनाई पंडित राम निरंजन उपाध्याय की पुण्यतिथि, नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

लाइव न्यूज़ एक्सप्रेस


मेजा, प्रयागराज।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और क्षेत्र के प्रतिष्ठित समाजसेवी रहे पंडित राम निरंजन उपाध्याय की आठवीं पुण्यतिथि पर सोमवार को एक भावभीनी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पांती मेजारोड स्थित उनके आवास पर संपन्न हुआ, जहां भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय नेता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित हुए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता नीरज त्रिपाठी रहे, जबकि अध्यक्षता विनीत शुक्ला ने की और मंच संचालन अनिल शुक्ला (प्रधान, गडेवरा) द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वर्गीय उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व एवं राजनीतिक योगदान को याद करते हुए भावपूर्ण शब्दों में श्रद्धांजलि दी।
मुख्य अतिथि नीरज त्रिपाठी ने कहा, “पंडित राम निरंजन उपाध्याय जैसे राजनीतिक संत विरले ही जन्म लेते हैं। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।”

भाजपा यमुनापार जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने कहा कि, “मेजा की राजनीति को दिशा देने वाले और भाजपा को गांव-गांव तक पहुंचाने वाले स्व. उपाध्याय को कभी भुलाया नहीं जा सकता।”

वरिष्ठ समाजसेवी नित्यानंद उपाध्याय ने उनके राजनीतिक आदर्शों को याद करते हुए कहा कि, “जो राजनीति को सेवा का माध्यम समझते हैं, उन्हें पंडित राम निरंजन जैसे व्यक्तित्व से प्रेरणा लेनी चाहिए।”

इस अवसर पर उनकी पुत्री और भाजपा नेत्री बीना मिश्रा ने भावुक होते हुए कहा, “जब पिता हमें छोड़कर गए, तब हम बहुत छोटे थे। आज जब आप सबके मुंह से उनके लिए सम्मानजनक शब्द सुनती हूं, तो गर्व महसूस होता है।”

कार्यक्रम में जिला मंत्री नाथू गुप्ता, सुशील मिश्रा, अमरेश तिवारी, रामकृष्ण त्रिपाठी, त्रिवेणी प्रसाद पांडेय, हिमांशु शुक्ला, शिवम शुक्ला, नितिश शुक्ला, राजू उपाध्याय, नीरज उपाध्याय, हौसला प्रसाद तिवारी, भगवान दास कुशवाहा सहित अनेक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने