**अमित शाह, सीएम योगी आदित्यनाथ, प्रियंका गांधी, संजय सिंह आज अंतिम दिन प्रयागराज में लगाएंगे ज़ोर**

प्रयागराजः पांचवे चरण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन शुक्रवार को सभी सियासी पार्टियां प्रयागराज की 12 विधानसभा सीटों के मतदाता को अपने पाले में करने के लिए जोर आज़माइश करेंगी।

जहां एक तरफ़ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गंगापार, यमुनापार और शहर में ताबड़तोड़ जनसभाएं और रोड शो के ज़रिए जनसमर्थन जुटाएंग़े। वहीं गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी के सहयोगी-अपना दल, के प्रत्याशी जमुना प्रसाद सरोज के लिए सोरांव में जनसभा को संबोधित करेंगे।

गृह मंत्री अमित शाह तीन दिन पहले ही शहर में रोड शो और रैली करके गए हैं। सीएम योगी का मेजा, करछना, प्रतापपुर-हंडिया के साथ ही शहर में जनसमर्थन जुटाने का कार्यक्रम है। 

शहर पश्चिम में रोड शो झलवा स्थित नंदी चौराहे से शाम 4.30 बजे शुरू होगा। इस दौरान उनका रोड शो कालिंदीपुरम चौराहा, राजरूपपुर, चकिया मोड़, कर्बला, हिम्मतगंज, मछली बाजार चौराहा, गाड़ीवान टोला होता हुआ डफरिन अस्पताल गेट नखास कोहना चौराहे पर समाप्त होगा।

इसी बीच कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी रोड शो करेंगी। वह आनंद भवन से रोड शो के लिए रवाना होंगी। यहां से कटरा होते हुए वह नेतराम चौराह पर पहुंचेंगी और वहां से लक्ष्मी टाकीज चौराह पर रोड शो का समापन होगा। प्रियंका का ज़ोर शहर उत्तरी में अनुग्रह नारायण सिंह के पक्ष में माहौल बनाना है। वह शहर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र में भी रोड शो कर सकती हैं। 

इसके अलावा मुनकाद अली, नकुल दुबे और कपिल मिश्र की जनसभा होगी। आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी का प्रचार करने के लिए संजय सिंह दक्षिणी विधानसभा में रोड शो कर सकते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने