थाने में तैनात उपनिरीक्षक राजेश यादव का निधन।
![]() |
मृतक सब इंस्पेक्टर राजेश यादव |
प्रयागराज। पूरामुफ्ती थाना में तैनात उपनिरीक्षक राजेश यादव का सोमवार को लखनऊ में इलाज के दौरान हृदयगति रुकने से निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से प्रयागराज पुलिस विभाग सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। विभाग ने उन्हें कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित अधिकारी बताते हुए गहरा दुख जताया है। जानकारी के अनुसार उपनिरीक्षक राजेश यादव पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। इलाज के लिए वह अवकाश लेकर अपने गृह जनपद गए थे, जहां से स्थिति बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान अचानक उनकी हृदयगति रुक गई, जिससे उनका निधन हो गया, राजेश यादव कई वर्षों से प्रयागराज जनपद के विभिन्न थानों में सेवा दे चुके थे। वे अपने सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठ कार्यशैली और अनुशासनप्रियता के लिए पुलिस विभाग में अलग पहचान रखते थे। उनके सहयोगियों और वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि वह हर स्तर के पुलिसकर्मियों व आम जनता के साथ बेहद विनम्र और सम्मानजनक व्यवहार करते थे। उनकी मृत्यु की खबर फैलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। कई पुलिस अधिकारी, जवान और उनके शुभचिंतक उनके आवास व परिजनों से मिलने पहुंच रहे हैं। विभागीय स्तर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने की तैयारियाँ भी की जा रही हैं।
(Live News Express ब्यूरो रिपोर्ट)